Coronavirus: इटली में 92 हजार लोग संक्रमण की चपेट में, दुनियाभर में 30 हजार के पार मौत का आंकड़ा - Silver Screen

Coronavirus: इटली में 92 हजार लोग संक्रमण की चपेट में, दुनियाभर में 30 हजार के पार मौत का आंकड़ा

Share This

रोम। साल 2020 इटली के लिए सबसे भयानक त्रासदी रूप में देखा जाने वाला है। यहां खतरनाक कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 10 हजार के पार कर गई। यह पूरी दुनिया का एक-तिहाई हिस्सा है। दुनियाभर में अब तक करीब 30 हजार लोगों की मौत कोरोना के इन्फेक्शन के कारण हो गई है। सबसे खराब हालात यूरोप में हैं जहां 20 हजार लोगों की जान चली गई है।

राहत के बाद टूटी आफत

इटली में कोरोना की चपेट में आने से शनिवार को 889 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे कुल आंकड़ा 10,023 पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को रिकॉर्ड 970 लोगों की मौत एक ही दिन में हो गई थी। देश में कुल 92,472 लोग कोरोना की चपेट में हैं। बीते कुछ हफ्तों में आंकड़ों में कुछ कमी आई थी। इससे कुछ राहत मिली थी लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं टिक सकी।

अमरीका में सबसे ज्यादा इन्फेक्शन

संक्रमण के मामले में अमरीका सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 116,050 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 1,937 लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका में हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की ऑटोमोबाइल कंपनियों जनरल मोटर्स और फोर्ड से कार बनाने के बजाए वेंटिलेटर मशीने बनाने को कहा गया है।

यूरोप की हालत खराब

इटली के अलावा यूरोप में सबसे ज्यादा कोरोना का दंश झेलने वाला देश स्पेन बन गया है। यहां अब तक 5,812 लोगों की जानें जा चुकी हैं। यहां कुल 72,248 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। स्पेन में सबसे खराब हालात मैड्रिड में हैं, यहां एक मेकशिफ्ट मुर्दाघर तैयार करने की जरूरत पड़ गई। वहीं, जर्मनी में 56,202 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 403 की मौत हो चुकी है। फ्रांस में 2,517, इंग्लैंड में 1019 और नीदरलैंड्स में 639 लोगों की मौत हो चुकी है।

एशिया में चीन और ईरान में सबसे अधिक मौतें

एशिया में चीन अभी भी सबसे अधिक नुकसान झेलने वाला देश है। हालांकि, यहां पर स्थिति में काफी सुधार बताया जा रहा है। चीन में 81,394 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 3,295 की अब तक मौत हो गई। इसके बाद ईरान में 35,408 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। यहां पर 2,517 लोगों की मौत हो गई। पाक में 1,420 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। जिसमें से 14 की मौत हो चुकी है। भारत की बात करें तो अब तक 933 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं 20 की मौत हो चुकी है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2wMraEV

No comments: