एक साल होने को है, लेकिन अब तक ठीक से नहीं चल पा रही स्मार्ट बसें - Silver Screen

एक साल होने को है, लेकिन अब तक ठीक से नहीं चल पा रही स्मार्ट बसें

Share This

ग्वालियर. स्मार्ट बसों की शुरुआत हुए एक साल होने को है, लेकिन अभी तक बसें ठीक से नहीं चल पा रही हैं। शहर में16 बसें चलाई जानी थीं, लेकिन सिर्फ 3 ही चल रही हैं, वह भी कभी-कभी दिखती हैं, इन्हें चाहे जब बंद कर दिया जाता है। शहर से बाहर भी 16 बसें चलनी थीं, लेकिन सिर्फ 8 चल रही हैं। यहां निजी बसों के ऑपरेटर इन बसों के संचालन में बाधा बने हुए हैं। नगर निगम द्वारा 2 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा सिटी बस स्टैंड भी एक साल में पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। नगर निगम ने अब स्मार्ट सिटी को इसके सुपरविजन के लिए कहा है।
स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा सिटी बस की शुरुआत 2 अक्टूबर-2018 को की गई थी। इसके तहत शहर में 16 और बाहर 16 बसें चलाई जानी थीं। लेकिन शहर में वर्तमान में 3 सिटी बसें हैं, वह भी कभी भी गायब हो जाती हैं। बाहरी रूट पर 8 बसें चलाई जा रही हैं, जिनमें शिवपुरी, गुना, दतिया और इंदौर शामिल हैं। सभी जगहों पर 2-2 बसें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा जिन बाहरी रूटों पर बसें चलनी थीं, उनमें भिंड, श्योपुर, भोपाल और अशोकनगर में अभी तक बसें नहीं चलाई गई हैं।

बस स्टैंड का काम बहुत धीमा
नगर निगम द्वारा पुराने बस स्टैंड के पास दो करोड़ की लागत से बनाए जा रहे स्मार्ट सिटी बस स्टैंड का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। बीच में काम बंद भी रहा था, जिसके कारण अभी तक बेस ही नहीं बन पाया है। अब नगर निगम ने इसके सुपरविजन के लिए स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। बस स्टैंड के निर्माण में देरी के कारण यात्रियों को जो सुविधाएं मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल पा रही हैं।

निजी बस ऑपरेटर कर रहे विरोध
स्मार्ट सिटी कंपनी के अंतर्गत चलाई जा रही बसों के संचालन में निजी बस ऑपरेटर व्यवधान डाल रहे हैं। कई बार उनके द्वारा बसों में तोडफ़ोड की जा चुकी है, वह स्मार्ट बसों में सवारियां भी नहीं बैठने देते हैं, जिसके कारण अधिकांश यह बसें खाली ही चलती हैं। निजी बस ऑपरेटरों के खिलाफ अधिकारी ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।


आठ बस बढ़ाने को कहा है
स्मार्ट सिटी बस स्टैंड का काम निगम कर रहा है। हमें कुछ दिन पहले ही सुपरविजन के लिए कहा है। जहां तक बसों की संख्या की बात है तो हमने ऑपरेटर से कह दिया है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह तक 8 सिटी बस बढ़ाएं। अगर ऐसा नहीं किया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अंकित शर्मा, ईई स्मार्ट सिटी कंपनी



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/303Rbbx

No comments: