अपनी परेशानियों को भूल, पीडि़तों का मिटा रहे दर्द - Silver Screen

अपनी परेशानियों को भूल, पीडि़तों का मिटा रहे दर्द

Share This

ग्वालियर. गरीब और असहाय लोगों की मदद कर कुछ युवाओं द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश की जा रही है। संस्था सदस्यों द्वारा नियमित रूप से गरीब बच्चों को शिक्षा देने और बीमार लोगों को उपचार दिलाने के साथ भूखों को खाना खिलाने का कार्य किया जा रहा है। संस्था द्वारा मानवता रथ भी चलाया जा रहा हैै जो लोगों के घरों तक पहुंचकर उनसे अनुपयोगी सामग्री एकत्रित करता है, जिसे युवाओं द्वारा गरीब बस्तियों में वितरित किया जाता है। साथ ही संस्था द्वारा शादी-पार्टियों में बचने वाला खाना भी मांग कर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। संस्था सदस्यों द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे इस कार्य से कई संस्थाएं उनकी सराहना कर मनोबल बढ़ा रही हैं।

फिर एक प्रयास संस्था के अध्यक्ष अंकित शर्मा ने एक्सपोज से चर्चा के दौरान कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले लोग ेसुविधाओं के अभाव में परेशान होते हैं। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते हैं। साथ ही गंभीर बीमारियों से पीडि़त लोग भी प्राइवेट अस्पतालों में उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों के लिए उन्होंने ४ वर्ष पहले संस्था का गठन किया था, तब से वह समाजसेवा के क्षेत्र मेें नियमित रूप से कार्य कर रहे हैं। संस्था के सदस्यों द्वारा बिना किसी शासकीय मदद के अपने स्तर पर राशि एकत्रित कर लोगों की हर संभव मदद करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोग भी संतुष्ट नजर आते हैं। संस्था सदस्यों द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में नि:स्वार्थ भाव से कार्य किए जाने पर कई लोग उनका सहयोग कर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के कार्य करने में सहभागिता निभाते हैं।

 

बच्चों को शिक्षित करने के लिए स्कूल लिया गोद

संस्था सदस्यों द्वारा गरीब बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाई कराने के लिए टकसाल स्कूल को गोद लिया गया है। जहां संस्था सदस्यों द्वारा नियमित रूप से सुबह 7 बजे से 10 बजे तक क्लास लगाई जाती हैं। यहां बच्चों को विषयवार पढ़ाई कराई जाती है। यहां पुस्तकालय भी खोला गया है, जिन बच्चों को अध्ययन सामग्री पसंद आती है तो वह पुस्तकालय में बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। साथ ही संस्था द्वारा गरीब बस्तियों में भी नि:शुल्क कोचिंग संचालित की जाती है, यहां भी गरीब बच्चों को शिक्षा देने का कार्य किया जा रहा है। वहीं बच्चे भी मन लगाकर पढ़ाई करते हैं, जिस पर उनके अभिभावकों द्वारा संस्था के सदस्यों का आभार माना जाता है।

स्वच्छता का भी देते हैं संदेश

संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर भी अभियान चलाया जाता है। इसके तहत संस्था सदस्य सार्वजनिक स्थानों एवं अस्पतालों और शासकीय कार्यालयों मेें पहुंचकर सफाई करते हैं और कचरा एकत्रित कर अन्य स्थानों पर पहुंचाते हैं। इस दौरान लोगों से आग्रह किया जाता है कि वह अपने आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई बनाए रखें, जिसमें कार्यालय के स्टाफ द्वारा उनका सहयोग किया जाता है।


देर रात तक बांटते हैं खाना- संस्था सदस्यों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर भूखे पेट रात गुजारने वाले लोगों की मदद के लिए उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए संस्था सदस्यों द्वारा होटलों और शादी, पार्टी या अन्य समारोह के दौरान जो खाना बचता है, उसे संस्था सदस्यों द्वारा मांगकर एकत्रित किया जाता है और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर देर रात तक जरूरतमंद लोगों को वितरित किया जाता है। साथ ही संस्था की ओर से प्रत्येक रविवार को शासकीय अस्पतालों में प्रसादी वितरित किए जाने का भी कार्य किया जा रहा है।
शिविरों के माध्यम से दिलाते हैं उपचार- संस्था की ओर से हर माह स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कराया जाता है। इन शिविरों में विशेषज्ञों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है और जो लोग बीमारियों से पीडि़त पाए जाते हैं उनकी जांच से लेकर दवाओं का खर्चा भी संस्था की ओर से ही दिया जाता है, जिससे पैसों के अभाव में किसी भी गरीब मरीज को उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YrGNta

No comments: