राहत में जेएएच...निगमकर्मियों ने निकाला 24 टन कचरा, अस्पताल के सफाईकर्मी भी काम पर लौट - Silver Screen

राहत में जेएएच...निगमकर्मियों ने निकाला 24 टन कचरा, अस्पताल के सफाईकर्मी भी काम पर लौट

Share This

ग्वालियर। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण गंदगी से बजबजा रहे जयारोग्य अस्पताल ने चौथे दिन बाद सोमवार को राहत महसूस की। अस्पताल प्रबंधन के सहयोग मांगने पर नगर निगम द्वारा सुबह अपने 105 कर्मचारी लगाकर सफाई करवाई गई, जिसमें 24 टन कचरा निकाला गया। इस दौरान पुलिस को भी बुला लिया गया था, जिससे हड़ताल कर रहे कर्मचारी सफाई में कोई बाधा न डालें। इसके बाद दोपहर में अस्पताल के सफाई कर्मचारी भी काम पर लौट आए।

 

जेएएच में सफाई कर्मचारी कम वेतन देने के विरोध में शुक्रवार से हड़ताल पर चले गए थे। तीन दिन सफाई नहीं होने से अस्पताल में हर तरफ कचरा फैल गया था और बदबू से मरीजों, अटेंडरों और डॉक्टरों का बुरा हाल था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा नगर निगम से सहयोग मांगा गया, जिस पर सोमवार को सुबह 7 बजे निगम अधिकारियों के साथ 105 सफाई कर्मचारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जेएएच के साथ केआरएच व अन्य कैंपस में लगभग पांच घंटे सफाई कर 25 डोर-टू-डोर चलने वाले वाहन और एक डंपर भरकर कचरा निकाला। इस दौरान जेएएच अधीक्षक डॉ.अशोक मिश्रा, नगर निगम के उपायुक्त एपीएस भदौरिया, सहायक स्वास्थ अधिकारी भीष्म पमनानी, किशोर कुमार सहित कई अधिकारी सफाई व्यवस्था पर नजर रखे रहे।

 

भोपाल से कंपनी के मैनेजर ने आकर बैठक की
जेएएच में सफाई का ठेका संभाल रही बीबीजी कंपनी के मैनेजर भोपाल से आए और सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। कंपनी के मैनेजर और कर्मचारियों के बीच सुलह होने पर दोपहर में कर्मचारी काम पर लौट आए। कंपनी के मैनेजर का कहना है कि कर्मचारियों की वेतन को लेकर कुछ मांगे थीं, जिन्हें शासन स्तर से ही माना जा सकता है। हम कर्मचारियों को कलेक्टर रेट पर वेतन दे रहे हैं।

 

बिना शर्त हड़ताल समाप्त
नगर निगम के सहयोग से सफाई की गई। इसके बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बिना शर्त समाप्त हो गई है। दोपहर बाद कर्मचारियों ने काम शुरू कर दिया।
डॉ.अशोक मिश्रा, अधीक्षक जेएएच

 

हमारे 105 कर्मचारियों ने की सफाई
हमारे कर्मचारियों ने जेएएच में सुबह पांच घंटे सफाई कर काफी कचरा बाहर किया है, जिसमें हमारे डंपर और कई डोर टू डोर गाडिय़ों के साथ 105 कर्मचारी लगे रहे।

एपीएस भदौरिया, उपायुक्त नगर निगम



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ObY6Pn

No comments: