इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और सेना प्रमुख परवेज मुशर्रफ एक अनजान नई बीमारी से ग्रसित हैं। इस वजह से वह बहुत तेजी से कमजोर होते जा रहे हैं और वापस अपने वतन लौटने में असमर्थ हैं। पाक मीडिया ने इसकी जानकारी उनकी पार्टी ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एपीएमएल) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अमजद के हवाले से दी। उन्होंने बताया कि इस नई बीमारी की वजह से इस सैन्य तानाशाह को हर तीन महीने पर इलाज के लिए लंदन जाना पड़ता है, लेकिन मुशर्रफ को क्या बीमारी है यह नहीं बताया।
नहीं लौटेंगे वतन वापस
अमजद ने कहा कि वह अपनी इस नई बीमारी के कारण फिलहाल वापस अपने वतन पाकिस्तान नहीं लौटेंगे। बता दें कि पाकिस्तान में उन पर देशद्रोह के मुकदमा चल रहा है। 2007 में संविधान को निलंबित करने को लेकर ऊन पर यह मुकदमा चल रहा है। 75 साल के मुशर्रफ 2016 से दुबई में रह रहे हैं।
पहले टूटी थी रीढ़ की हड्डी
रविवार को पार्टी की बैठक के बाद पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए अमजद ने कहा कि पहले परवेज मुशर्रफ की रीढ़ टूट गई थी। इसका इलाज वह अमरीका में करा रहे थे। अब उन्हें एक नई बीमारी ने घेर लिया है। इसके इलाज के लिए उन्हें हर तीन महीने पर इंग्लैंड जाना पड़ता है। लेकिन मुशर्रफ को कौन-सी बीमारी है, इसे बताने से उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बीमारी के बारे में अभी देश को नहीं बता सकते। हां, अदालत में जरूर उनकी बीमारी से जुड़े दस्तावेज सौंपेंगे।
आम चुनाव से पहले आना चाहते थे पाकिस्तान
अमजद ने कहा कि इस नई बीमारी के कारण मुशर्रफ लगातार कमजोर होते जा रहे हैं, इसलिए हम उनकी जान खतरे में नहीं डाल सकते। उन्हें इस बात में संदेह है कि मुशर्रफ के मुकदमे की सुनवाई निष्पक्ष तरीके से होगी और उन्हें इलाज के लिए विदेश जाने दिया जाएगा। अमजद ने यह भी दावा किया कि पार्टी मुशर्रफ को 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव से पहले उन्हें वतन वापस लाना चाहती थी, लेकिन उनकी वापसी की कोशिश में रोड़े अटकाए गए। अब परिस्थितियां बदल गई है। अब वह एक नई बीमारी से जूझ रहे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2DIZ6oI

No comments:
Post a Comment