काठमांडू। एक ओर जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से लोग बेहाल हैं वहीं पड़ोसी देशों में भारी बारिश हो रही है। नेपाल के सल्यान जिले के बगाचौर नगर पालिका स्थित सेतोगौर्न्स में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण एक मकान की दीवार ढह जाने से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। सल्यान के पुलिस प्रमुख बिरेंद्र बहादुर शाही ने मीडियो को बताया कि मृतकों में एक 40 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 35 वर्षीय पत्नी, छह और सात साल की उसकी दो बेटियां और एक चार साल का बेटा शामिल है। घटना के वक्त वे सभी सो रहे थे। उन्होंने कहा कि एक शख्स को बचा लिया गया है।
भारी बारिश का अलर्ट
नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विभाग ने भारी बारिश के बीच देश भर में हाई अलर्ट की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने भारी बारिश से बाढ़ की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को बिना जरुरत के घर से बाहर निकलने से मना किया हुआ है। विभाग का कहना है कि तेज बारिश से पुराने मकानों में रह रहे लोगों को दिक्कत हो सकती है इसलिए समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए।
ताइवान में भारी बारिश से 4 की मौत
इससे पहले एशियाई देश ताइवान में सोमवार को भारी बारिश हुई थी। तेज बारिश के चलते हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि 143 अन्य घायल हो गए थे। बारिश से कृषि के क्षेत्र में 56.32 करोड़ ताइवानी डॉलर (1.8 करोड़ डॉलर) से अधिक की क्षति भी हुई है। बताया जा रहा है कि मध्य और दक्षिणी ताइवान में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है, जिसके चलते कारखानों और खेतों में काम रुक गया है। कई इलाकों में बिजली गुल है और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के मुताबिक, हजारों घर बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 7,000 लोग अपने घरों को खाली कर चुके हैं, जिनमें से 1,827 लोग 20 अस्थायी आश्रय शिविरों में रह रहे हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Nuh66H

No comments:
Post a Comment