NEWS - Silver Screen

कोलंबो। श्रीलंका के पुलिस महानिदेशक पुजिथ जयसुंदरा ने सोमवार को कहा कि देश के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों की सुरक्षा के लिए 25 नए पुलिस थानों की स्थापना की जाएगी। साथ ही पुलिस कर्मियों से हिन्दी सीखने के लिए कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट रिपोर्ट के मुताबितक जयसुंदरा ने बताया कि यह फैसला श्रीलंका पर्यटन विकास प्राधिकरण (एसएलटीडीए) के चेयरमैन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद लिया गया। पर्यटन पुलिस के लिए एक नई वर्दी भी तय की गई है।

हिन्दी, चीनी और फ्रेंच भाषा सीखने के लिए आदेश

पुलिस महानिदेशक पुजिथ जयसुंदरा ने कहा कि अगले कुछ सालों में पर्यटन देश के लिए विदेशी मुद्रा कमाने वाला सबसे बड़ा क्षेत्र होने जा रहा है। इसलिए श्रीलंका का दौरा करने वाले विदेशियों की सुरक्षा, पुलिस बल की शीर्ष प्राथमिकता में है। जयसुंदरा ने कहा, "पर्यटन पुलिस विभाग के अधिकारियों को भाषा प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अंग्रेजी के अलावा उन्हें व्यापक रुप से इस्तेमाल होनेवाली अंतरराष्ट्रीय भाषाओं जैसे चीनी, हिन्दी और फ्रेंच भी सीखनी चाहिए।"

पयर्टन उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर
श्रीलंका का पयर्टन उद्योग 30 सालों के जातीय संघर्ष से बुरी तरह से तबाह हो गया था। लेकिन, अब यह देश का प्रमुख उद्योग है, जिसे कई अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों में दुनिया के सबसे बेहतरीन पर्यटन स्थलों में से एक माना गया है। श्रीलंका में पर्यटन क्षेत्र ने विदेशी आय के लिए बीते आठ वर्षो से दूसरे पायदान पर रहे कपड़ा उद्योग क्षेत्र को भी पीछे छोड़ दिया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी में पर्यटन आय सालाना आधार पर 12.7 फीसदी बढ़कर 45.8 करोड़ डॉलर रही जबकि इस अवधि में वस्त्र उद्योग की सालाना आय 1.99 फीसदी बढ़कर 43.48 करोड़ डॉलर है। वर्ष की पहली तिमाही में पर्यटन से आय 131.291 करोड़ डॉलर पहुंच गई। उद्योग विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह संख्या 2018 के अंत तक चार अरब अमेरिकी डॉलर को पार कर जाएगी। बता दें कि श्रीलंका में अधिकांश विदेशी पर्यटक भारत, ब्रिटेन रूस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया अमरीका, चीन और मलेशिया से आए।

 



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OAwBub

No comments: